पथरीले मार्गों को लेकर कांवड़िए चिंतित
बिजनौर, कादराबाद। मार्गों की बदहाली को लेकर आसपास के गांव कांवड़िए चिंतित हैं। हरपाल, दिनेश, राजेंद्र, शिव कुमार, हृदेश, बृजपाल आदि का कहना है कि हर वर्ष करीब दो हजार से अधिक कांवड़िये हरिद्वार जाते हैं। किंतु शासन की अनदेखी के चलते कांवड़िए इस बार कांवड़ यात्रा को लेकर बेहद चिंतित हैं। गांव तुरतपुर, रसूलाबाद, चकफेरी, नवाबपुरा, चौहड़वाला, हिदायतपुर सहित दर्जनों गांव के मार्गों की हालत खराब है। जगह जगह पानी भरा है, मार्ग में बड़े बड़े गड्ढे हैं। कई किमी पथरीले मार्ग हैं। नंगे पांव चलना कांवड़ियों के लिए मुश्किल होगा। कावंड़ियों ने डीएम से मार्गों की मरम्मत कराने की मांग की है। वहीं, जेई एके एंथनी का कहना है कि समस्या का समाधान कराने को विभाग स्तर से प्रयास जारी हैं। शीघ्र ही मार्गों की बदहाली को दूर किया जाएगा।