- जिले में भारी वाहनों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन किया गया लागू
- एक महीने तक बंद रखनी होगी मीट की दुकानें, शराब की दुकानों पर भी डाला जाएगा पर्दा
- एसपी ने कांवड़ यात्रा को लेकर ली बैठक, बताया प्लान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। सावन महीने के पांच सोमवार और शिवरात्रि को लेकर चलने वाली कांवड़ यात्रा के लिए पुख्ता इंतजामों का खाका तैयार किया गया है। बाकायदा सेक्टर व्यवस्था को लागू करते हुए जिले को छह जोन, 21 सेक्टर और 146 सब सेक्टर में बांट दिया है। वहीं, आधी रात से जिले में ट्रैफिक डायवर्जन प्लान को भी लागू कर दिया गया। हरिद्वार की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर पूरी तरह से पांबदी लगा दी गई है।
बता दें कि जिले में सात प्रमुख कांवड़ मार्ग हैं। इन मार्ग में पड़ने वाली सभी मीट की दुकानों को एक महीना तक बंद रखना होगा। इसके लिए दुकानदारों को नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं।
कांवड़ यात्रा पर सुरक्षा इंतजामों के क्रम में रविवार को एसपी अभिषेक झा ने सभी थाना प्रभारियों की बैठक भी ली। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कांवड़ मार्ग में स्थित सभी ढाबों और होटल पर कर्मचारी यूनिफार्म में रहने चाहिए। साथ ही रेट लिस्ट के साथ साथ दूसरे ढाबा संचालक को अपने नाम को उजागर करना होगा। शराब की दुकानों पर पर्दा डाला जाएगा।
क्यूआर कोड से मिलेगी रास्तों की जानकारी
कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार जा रहे वाले कांवड़ियों और अन्य यात्रियों को मार्ग की जानकारी क्यूआर कोड स्कैन करने से मिल जाएगी। हरिद्वार और उत्तराखंड में अन्य जगहों पर रास्तों और पार्किंग समेत अन्य जानकारी क्यूआर कोड से मिल जाएंगी। हरिद्वार पुलिस की ओर से बिजनौर में भी जगह जगह चौराहों पर क्यूआर कोड वाले बोर्ड लगाए गए हैं, जिन्हें यात्री स्कैन कर सकें।
आधी रात से लागू किया गया ट्रैफिक डायवर्जन प्लान
पहले 17 जुलाई से डायवर्जन लागू करने की योजना थी। मगर, कांवड़ियों की संख्या को कम देखे हुए अब इसे 21 जुलाई की देर रात 12 बजे से लागू कर दिया गया है। हरिद्वार की तरफ कोई भी भारी वाहन नहीं भेजा जाएगा। सिर्फ बस और कांवड़ियों के वाहन ही हरिद्वार में दाखिल हो सकेंगे।
वाया मंडावर रहेगा हरिद्वार का रास्ता
मेरठ से बिजनौर होते हुए हरिद्वार जाने-आने वाले कावड़ियों के हल्के-मध्यम वाहनों को बिजनौर से मंडावर, चंदक, भागूवाला होते हुए भेजा जाएगा।
पौड़ी जाने वाले वाहनों की नजीबाबाद में रहेगी नो एंट्री
मेरठ या बिजनौर शहर से पौड़ी को जाने वाले सभी वाहनों को जलालाबाद (नजीबाबाद) नहर पटरी से कोटद्वार भेजा जाएगा। वाहनों की सीधे नजीबाबाद में एंट्री नहीं होगी।
मेरठ-मुजफ्फरनगर की ओर से मुरादाबाद, काशीपुर आने जाने वाले हल्के वाहनों को बिजनौर से नहटौर, धामपुर, अफजलगढ़ से जसपुर भेजा जाएगा। इसी मार्ग से वापसी होगी।
मुजफ्फरनगर से मुरादाबाद जाने वाले माहवाहक वाहन
मुजफ्फरनगर से मुरादाबाद की ओर आने जाने वाले भारी वाहनों को मीरापुर (मोन्टी तिराहा) मुजफ्फरनगर बैरियर से ही मेरठ की ओर भेजा जाएगा।
-
इन मार्ग से दौड़ेंगी रोडवेज बसबिजनौर से मुरादाबाद आने-जाने वाली रोडवेज बस नहटौर, धामपुर अफजलगढ़, जसपुर होते हुए मुरादाबाद जाएंगी और आएंगी।
बिजनौर से हरिद्वार जाने वाली कावड़ियों की रोडवेज बस मंडावली, भागूवाला होते हुए जाएंगी और आएंगी।
ये मार्ग पूरी तरह से रहेंगे बंद
-नजीबाबाद से नगीना, धामपुर, स्योहारा, सहसपुर मार्ग पर सिर्फ कांवडियों के वाहन ही चलेंगे बाकी की आवाजाही बंद रहेगी। बिजनौर से चांदपुर, धनौरा मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
भागूवाला-मोटा महादेव मार्ग, नजीबाबाद से कोतवाली देहात, नहटौर, नूरपुर, शिवाला कलां, नौगावां सादात मार्ग पर सिर्फ शिवभक्तों के वाहनों की आवाजाही हो सकेगी।