1500 मीटर दौड़ में कमलदीप और सना प्रथम
बिजनौर। नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी पर आयोजित जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में बालक और बालिका दोनों वर्गो के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा कई तरह की प्रतियोगिता आयोजित हुई। इनमें से 1500 मीटर दौड़ में कमलदीप और सना प्रथम स्थान पर रहे।
बुधवार को स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को पछाड़ जीत हासिल की। 400 मीटर दौड़ में नितिन कुमार और सुहानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं ऊंची कूद में हर्षित कुमार और भूमि मलिक से पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा जैवलिन थ्रो में राहुल कुमार और गिन्नी पहले स्थान पर रहे, जबकि 200 मीटर दौड़ में प्रिंस और हिमांशी ने बाजी मारी। हैमर थ्रो बालक प्रतियोगिता में देव कुमार ने बाजी मारी।
वहीं चक्का फेंक बालक प्रतियोगिता में परीक्षित अहलावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन के बाद जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अजय कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला प्रभारी क्रीड़ाधिकारी जयवीर सिंह, डॉ. कविता रानी, प्रीति शर्मा, राजेंद्र सोलंकी, चित्रा चौहान, चंद्रशेखर, निपेंद्र कुमार, उत्तम कुमार, अजय कुमार, शीतल, कपिल राणा आदि मौजूद रहे।