नगीना में निजी हॉस्पिटल में महिला की मौत के बाद जाम लगाते परिजनों को हटाती पुलिस।
- फोटो : BIJNOR
नगीना। निजी अस्पताल में भर्ती एक महिला की मौत होने पर जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने नेशनल हाईवे पर शव रखकर जाम लगा लगा दिया। गुस्साए परिजन चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने बिना बताए और लापरवाही से गलत ऑपरेशन करने का आरोप लगाया है। तमाम विरोध के बीच पुलिस महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पाई।
थाना अफजलगढ़ के ग्राम भागीजोत निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। कहा कि शनिवार शाम वह अपनी पत्नी मिथलेश देवी को पेट दर्द की शिकायत होने पर नगीना के मुदित हॉस्पिटल में दिखाने के लिए लाए। चिकित्सक के कहने पर उसे भर्ती कर दिया। शाम करीब 7 बजे अस्पताल की महिला चिकित्सक ने मिथलेस की बच्चेदानी में गांठ होने की बात मानते हुए उन्हें बिना बताए लापरवाही के साथ उसकी पत्नी का ऑपरेशन कर दिया। आरोप है कि उसकी पत्नी की मृत्यु हो जाने की सूचना रविवार सुबह अस्पताल के स्टाफ ने दी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि उसकी पत्नी की मृत्यु चिकित्सक द्वारा ऑपरेशन करते हुए की गई लापरवाही के कारण हुई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित शुक्ला का कहना है कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है। परिजनों की तरफ से पुलिस को तहरीर प्राप्त हो गई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
सड़क से उठाकर शव को अस्पताल में रखवाया
नगीना-धामपुर रोड पर स्थित मुदित हॉस्पिटल में इलाज के दौरान महिला की मृत्यु हो जाने के बाद गुस्साए परिजनों ने रविवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अस्पताल के सामने सड़क पर महिला के शव को रखकर काफी देर जाम लगाया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को सड़क से उठाकर अस्पताल रखवाया। काफी देर तक पुलिस के समझाने के बाद भी जब परिजन महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को राजी नहीं हुए तो पुलिस ने खुद महिला के शव को उठाकर गाड़ी में रखा। इस दौरान परिजनों व पुलिस के बीच काफी देर तक छीना झपटी होती रही। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
नगीना में निजी हॉस्पिटल में महिला की मौत के बाद जाम भीड़।- फोटो : BIJNOR