- प्रति कनेक्शन युवाओं को मिलेंगे 100 रुपये, विद्युत निगम की ओर से शुरू हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। विद्युत निगम की ओर से बेरोजगारों को रोजगार के लिए अनूठी पहल शुरू की गई है। इसके तहत आईटीआई डिप्लोमाधारक गांवों का सर्वे कर लोगों के बिजली के घरेलू कनेक्शन करा सकेंगे। निगम की ओर से इन लोगों को प्रति कनेक्शन 100 रुपये दिए जाएंगे।
विद्युत निगम धामपुर सर्किल के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि बिजली की चोरी रोकने के साथ लोगों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए विद्युत निगम ने पहल शुरू की है। इसमें आईटीआई डिप्लोमा धारकों को शामिल किया गया है। उन्हें सुझाव दिया गया है कि वह गांव का सर्वे कर लोगों को घरेलू बिजली के कनेक्शन दिला सकते हैं। ऐसा करने पर उन्हें प्रति कनेक्शन 100 रुपये की धनराशि दी जाएगी। विद्युत निगम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी जोड़ा गया है।
धामपुर सर्किल में चार डिवीजन धामपुर प्रथम, धामपुर द्वितीय ,नगीना और नजीबाबाद शामिल हैं। सभी डिवीजनों को मिलाकर करीब साढे चार लाख से ज्यादा बिजली के कनेक्शन हैं। इसके बावजूद अभी भी ऐसे काफी लोग हैं, जिनके पास बिजली के कनेक्शन नहीं हैं और वह बिजली की लाइन में कटुवा डालर चोरी कर रहे हैं।
बगैर पंजीकरण के कार्य करना अवैध
अधीक्षण अभियंता का कहना है कि जो भी आईटीआई डिप्लोमाधारक निगम से जुड़कर काम करना चाहते हैं, वह अपना संबंधित डिवीजन में पंजीकरण करा लें। जिससे कोई उनके ऊपर उंगली न उठा सके। बगैर पंजीकरण के कार्य के जाना पूरी तरह से अवैध होगा। इसलिए निगम में काम शुरू करने से पहले पंजीकरण कराना जरूरी होगा।