- कोरोना मरीजों का 15 दिन तक जकड़ रहा गला
- जिले में कोरोना संक्रमित सभी मरीज घर में सुरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। कोरोना संक्रमण के इस बार अलग से कोई लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं। बुखार, जुकाम, खांसी की जांच कराने गए मरीज ही कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। हालांकि इस बार मरीजों का 15 दिनों तक गला जकड़ रहा है। जिले में इस समय कोरोना के 55 सक्रिय मामले हैं। कोरोना संक्रमित सभी मरीज घरों में सुरक्षित हैं।
मेडिकल अस्पताल में बुखार, खांसी, जुकाम के रोजाना करीब 60 मरीज तक पहुंच रहे हैं। इनमें से कुछ लोगों में जांच के बाद कोरोना की पुष्टि हो रही है। जबकि ज्यादातर मरीजों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ रही है। चिकित्सकों का कहना है कि कोरोना के मरीजों में इस बार 15 दिनों में गले में जकड़न, पैरो दर्द, सिर दर्द जैसे नए लक्षण दिखाई दे रहे हैं।
रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक होने से इस बार कोरोना का वायरस गले से नीचे नहीं जा रहा है, जिसकी वजह से गला ज्यादा दिनों तक जकड़ रहा है। वायरस के शरीर में नहीं पहुंचने से कोरोना संक्रमित मरीजों को ज्यादा दिक्कत नहीं हो रही है।
इस बार गले से नीचे नहीं जा रहा कोरोना वायरस: डॉ. आरएस वर्मा
मेडिकल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आरएस वर्मा ने बताया कि इस बार कोरोना के मरीजों में बुखार, जुकाम, खांसी जैसे ही लक्षण है। वैक्सीन लगने के बाद बढ़ी रोग प्रतिरोधक क्षमता की वजह से कोरोना का वायरस गले से नीचे नहीं जा रहा है। लक्षण दिखाई देने पर तुरंत दवाई लें। कोरोना संक्रमित मरीज घर पर सुरक्षित हैं। मगर फिर भी कोरोना नियमों का पालन करें।