अफजलगढ़। पुराना कालागढ़ में मामूली विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष के युवक की लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई की ओर से चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुराना कालागढ़ निवासी वसीम अहमद ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे उसके भाई सलीम 25 वर्ष पुत्र मो. नफीस का पड़ोसी इस्लामु से किसी बात पर विवाद हो गया था, जिसके बाद इस्लामु ने अपने चार परिजनों के साथ मिलकर सलीम के साथ लाठी डंडों व लात घुसों से मारपीट की। जिसमें सलीम गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजन उसे स्थानीय चिकित्सक के यहां ले गए, लेकिन शनिवार सुबह तबियत ज्यादा बिगड़ने पर उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई वसीम की तहरीर पर आरोपी इस्लामु, इकबाल, फैसल व मोमीना के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।