जिला अस्पताल में 20 लाख में लगेगा इंटरनेट
बिजनौर। जल्द ही एक क्लिक पर जिला अस्पताल की संपूर्ण जानकारी मिल सकेगी। जिला अस्पताल में सब कुछ ऑनलाइन होने वाला है। इसको लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जिला अस्पताल में 20 लाख रुपये की लागत से इंटरनेट की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए बीएसएनएल से करार हो गया है।
जिला अस्पताल को अपडेट किया जा रहा है। रजिस्ट्रेशन से लेकर ओपीडी तक सभी काम ऑनलाइन होगा। इसे लेकर जिला अस्पताल में काम भी शुरू हो गया है। जल्द ही जिला अस्पताल में इंटरनेट की सुविधा कागजों से धरातल पर उतरने वाली है। जिला अस्पताल प्रशासन ने इंटरनेट के लिए बीएसएनएल से करार कर लिया है, नौ लाख रुपये दे भी दिए गए हैं। इंटरनेट की सुविधा 24 घंटे रहेगी। इसके लिए पूरे अस्पताल में लाइन बिछाई जाएगी। यह लाइन अस्पताल में प्रत्येक काउंटर तक पहुंचेगी। इमरजेंसी के लिए बीएसएनएल का टॉवर भी लगवाया जा रहा है। अस्पताल में 62 प्वाइंट पर इंटरनेट कनेक्शन किया जाएगा। इसमें ओपीडी, अधिकारियों और कर्मचारियों के दफ्तर, प्रयोगशाला लैब, ओटी आदि को शामिल किया गया है। सीएमएस डॉ. अरुण कुमार पांडेय का कहना है कि जिला अस्पताल में इंटरनेट की व्यवस्था की जा रही है। दीपावली से पहले जिला अस्पताल में इंटरनेट व्यवस्था का काम शुरू हो जाएगा।