कालागढ़। पीएचसी प्रभारी देवेंद्र प्रसाद ने बताया कि कालागढ़ में रेड जोन व ऑरेंज जोन क्षेत्रों से आने वालों के लिए इंटर कॉलेज को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। सेंटर में 10 व्यक्ति क्वारंटीन है, जो सात दिन तक यहां रहेंगे। उसके बाद इन्हें सात दिनों तक घरों में क्वारंटीन रखा जाएगा। इंटर कॉलेज में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश बंद है। खाना व आवश्यक सामाग्री प्रशासन की ओर से वही दी जा रही है। परिवार के सदस्य किसी आवश्यकता के लिए पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को संपर्क कर सकते हैं। उधर इस्लामनगर पंचायत के प्रधानपति विनोद काला ने बताया कि पंचायत में भिक्कावाला, बनियोवाला, जामनवाला, पुराना कालागढ़ आदि में बाहर से अनेक व्यक्ति आए है, जिसकी जानकारी राजस्व, स्वास्थ्य विभाग को दी गई है। अभी तक कोई भी टीम उनके स्वास्थ्य की जांच को पंचायत में नहीं आई है, जिससे ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि टीम को पंचायत के ग्रामीणों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करनी चाहिए।