- ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था पटरी से उतरी
- शहर में करीब ढ़ाई बजे बिजली आपूर्ति हुई बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। लगातार तेज बारिश होने से बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। शहर से लेकर गांवों तक तेज बारिश से कहीं इंसुलेटर फुंकने से तो कहीं पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहर में नगीना मार्ग पर तेज बारिश व हवा से पेड़ लाइन पर गिरने करीब छह घंटे बिजली नहीं आई। ढाई बजे लाइन सही करके आपूर्ति को बहाल किया।
तेज बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त होने लगा है। तेज बारिश से गंज, पीली चौकी आदि बिजलीघरों में नमी आने से बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। वहां हीटर लगाकर नमी को दूर किया गया। शहर में बुखारा बिजलीघर के फीडर पर नगीना मार्ग पर पेड़ गिरने सिविल लाइन, नई बस्ती आदि मोहल्लों में करीब छह घंटे आपूर्ति बंद रही। इसके अलावा कई मोहल्लों की लाइन के इंसुलेटर फुंकने से आपूर्ति बाधित रही।
बिजनौर डिवीजन के एसडीओ प्रथम प्रदीप कुमार ने बताया कि पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हुई थी। तीन जगह खंभों के इंसुलेटर फुंक गए थे। सभी सही कराकर आपूर्ति को जल्द शुरू कर दिया गया।
बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर फुंका
शहर के वैष्णो विहार काॅलोनी में रखे ट्रांसफार्मर पर बिजली गिर गई। बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर फुंक गया। काॅलोनी निवासी अनिल चौधरी ने बताया कि काॅलोनी के ट्रांसफार्मर के साथ निरंजन सिंह का पंखा, अश्वनी सिंह का फ्रीज और अरविंद कुमार का इनवर्टर फुंक गया।