- एसपी के निर्देश पर नूरपुर में तैनात दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की गई
- रिश्वतखोरी में दो सिपाहियों की गिरफ्तारी के बाद अब दरोगा पर गिरी गाज
संवाद न्यूज एजेंसी
शिवाला कलां (बिजनौर)। नूरपुर में तैनात दरोगा को जमीनी विवाद में रिपोर्ट लगाने के बदले दस हजार रुपये लेना भारी पड़ गया है। दरोगा के खिलाफ शिवाला कलां थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी नीरज जादौन ने दरोगा को निलंबित भी कर दिया है। दो दिन पूर्व ही तीन हजार लेने पर नूरपुर में तैनात दो सिपाहियों को भी गिरफ्तार किया गया था। अब दरोगा के खिलाफ केस दर्ज होने से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
शुक्रवार को शिवाला कलां पुलिस ने थाना नूरपुर में तैनात उप निरीक्षक राजीव कुमार के विरुद्ध एसपी नीरज कुमार जादौन के आदेश पर भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है। उप निरीक्षक राजीव कुमार को पुलिस अधीक्षक बिजनौर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया कि थाना क्षेत्र शिवाला कलां गांव सराय निवासी नरेंद्र कुमार और गजेंद्र कुमार का बहुत समय से जमीनी विवाद चल रहा है। नरेंद्र कुमार का आरोप है कि उसके पक्ष में विवादित भूमि के संबंध में रिपोर्ट लगाने के बदले दरोगा ने दस हजार रुपये लिए थे। मगर, जमीन पर कब्जा नहीं कराया गया।
रुपये देते समय वीडियो बना ली गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी के पास पहुंची। थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया एसपी के आदेश पर गांव सराय निवासी नरेंद्र कुमार की तहरीर पर उप निरीक्षक राजीव कुमार के विरुद्ध भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर दिया है। एसपी ने उप निरीक्षक राजीव कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।