स्योहारा। घर में बीमार पड़े अपने बेटे की दवाई लेकर जा रहे पिता संग अभद्रता करने में दरोगा पर गाज गिरी है। एसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर किया है।
शनिवार की देर रात्रि एक गांव निवासी व्यक्ति चांदपुर स्थित एक दुकान से काम कर लौट रहा था। व्यक्ति के बच्चे की गांव में तबियत ख़राब हुई तो उसने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। जैसे ही वह नूरपुर रोड़ स्थित ग्राम सदाफल के मोड़ पर आया, तभी थाने में तैनात एक दरोगा नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए चल रहा था, इसी बीच उक्त व्यक्ति ने घर पहुंचने की जल्दी में दरोगा की बाइक को ओवर टेक कर दिया।
जिस पर गुस्साए दरोगा ने रेलवे फाटक पर उक्त व्यक्ति की बाइक से चाबी निकाल कर गाली गलौज करते हुए थाने आने को कहा। पीड़ित ने अपने बच्चे के बीमार होने की लाख दुहाई दी मगर दरोगा ने लाचार पिता की एक न सुनी। घटना की जानकारी होने पर अमर उजाला ने सोमवार के अंक में शीर्षक ‘नशे में चूर दरोगा ने की अभद्रता’ प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस पर एसपी दिनेश सिंह ने दरोगा प्रवीण जादोन को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया। थाना प्रभारी राजीव चौधरी का कहना है कि एसपी के आदेश पर एसआई प्रवीण जादोन को लाइन हाजिर किया गया है।