- मामले में धारा के बदले महिला से की अनुचित मांग, ऑडियो वायरल
- एसपी ने चौकी प्रभारी को किया निलंबित करते हुए बैठाई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। केस की वादी महिला से बातों में दरोगा ने खाकी ही नहीं बल्कि इंसानियत की मर्यादा को भी तोड़ दिया। आरोप है कि दुष्कर्म की धारा बनाए रखने के लिए अनुचित मांग की गई। शिकायत पर एसपी ने महिला दरोगा से मामले की प्राथमिक जांच कराई, इसके आधार पर ही झालू चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने झालू चौकी प्रभारी धर्मेन्द्र गौतम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया कि बुधवार को झालू की रहने वाली एक महिला ने एसपी को शिकायती पत्र दिया था। साथ ही एक ऑडियो भी सौंपी। बताया कि उसने 12 सितंबर को अपने पति शुएब और ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पति पर दुष्कर्म और गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया।
हल्दौर थाने में यह केस दर्ज हुआ तो विवेचना झालू चौकी प्रभारी धर्मेन्द्र गौतम को सौंपी गई। दरोगा ने मसूरी के एक होटल में पहुंचकर जांच की। पीड़िता भी अपनी एक दोस्त को लेकर वहां लेकर पहुंची। दोनों ही दरोगा की कार से मसूरी गए। आरोप है कि लौटते हुए दरोगा ने देहरादून में पीड़िता से दुष्कर्म की धारा केस में बनाए रखने के लिए अनुचित मांग की। इसके बाद पीड़िता अपने चाचा के घर चली गई। एक बार फिर दरोगा का फोन पीड़िता के पास पहुंचा और बातों ही बातों में दरोगा अपनी मर्यादा भूल गए। फोन पर ही दरोगा ने महिला को बुलाने का प्रयास किया और फिर से अनुचित डिमांड रखी। इसकी रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया भी वायरल हो रही है।
विवेचक धर्मेंद्र के खिलाफ वादी महिला ने शिकायती की और ऑडियो भी सौंपी है। ऑडियो में दरोगा ने महिला के साथ अमर्यादित बातें कही है। इस पर दरोगा को निलंबित कर दिया गया है। ....नीरज कुमार जादौन, एसपी