संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने बताया कि गेहूं खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में 150 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। जिले में योजना के तहत गेहूं खरीद के लिए 46 क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
गेहूं खरीद के निर्धारित क्रय केंद्रों में खाद्य विभाग के 12, पीसीएफ के 27, नैफेड के चार, भारतीय खाद्य निगम के तीन क्रय केंद्र हैं। रबी विपणन वर्ष 2024-25 में भारत सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य, विगत वर्ष के समर्थन मूल्य 2125 रुपये प्रति क्विंटल से 150 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 2275 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना का कृषकों को लाभ पहुंचाने के लिए इस वर्ष गेहूं खरीद एक मार्च 2024 से शुरू होगी।
गेहूं खरीद के लिए किसानों का पंजीयन खाद्य विभाग की वेबसाइट www.fcs.up.gov.in और किसान मित्र एप पर कराया जा सकता है। जो कृषक खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में धान खरीद के लिए पंजीयन करा चुके हैं, उन्हें गेहूं विक्रय के लिए दोबारा पंजीयन कराने की जरूरत नहीं है। जिले में अब तक गेहूं विक्रय के लिए 494 किसान पंजीयन करा चुके हैं। इसके अलावा गेहूं विक्रय के 48 घंटों के अंदर कृषकों के आधार लिंक बैंक खातों में भुगतान किया जाएगा।