जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष भवन का शुभारंभ
बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अंतर्गत उपभोक्ता मध्यस्थता केंद्र के नव निर्मित भवन का लोकार्पण किया। शुक्रवार को कलक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीएम रमाकांत पांडेय ने नवनिर्मित मीडिएशन सेंटर का लोकार्पण किया। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, बिजनौर के चयनित न्यायिक सदस्य मनोज कुमार पंडित ने बताया कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019 की धारा-74 के प्रावधानों के अनुसार प्रदेश सरकार द्वारा सभी जिलों में जिला उपभोक्ता अदालतों के साथ पीड़ित उपभोक्ताओं के मामलों को मध्यस्थता द्वारा निपटाने के लिए उपभोक्ता मध्यस्थता सेल की स्थापना की गई है। इस अवसर पर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, बिजनौर के चयनित न्यायिक सदस्य मनोज कुमार पंडित, एसडीएम सदर विक्रमादित्य सिंह मलिक, अधिशासी अभियंता आरईएस राजेंद्र सिंह, अवर अभियंता जगवीर सिंह, जिला उपभोक्ता आयोग की महिला सदस्य बबीता देवी आदि मौजूद रहे।