युवक की मौत के मामले में युवक-युवतियों को उठाया
हल्दौर। पुलिस नगर में हुई एक युवक की मौत के मामले में कुछ युवक और युवतियों को पकड़कर थाने ले जाकर पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस युवक की मौत का कारण प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या करना मान रही है।
नगर के मोहल्ला जमनावाला निवासी सत्यपाल सिंह का पुत्र राहुल कुमार बृहस्पतिवार शाम नगर के ही कुछ अन्य साथियों के साथ अपने घर से बाहर गया था। देर शाम राहुल के परिजनों को सूचना मिली कि वह बेहोश अवस्था में नगर के कन्या पाठशाला के निकट पड़ा हुआ है। परिजन उसे उपचार के लिए बिजनौर ले गए। जहां अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन और नगरवासी एकत्र होकर रात्रि में ही थाने पहुंचे और पुलिस से युवक की हत्या करने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
शुक्रवार को पुलिस कुछ युवक और युवतियों को पकड़कर थाने ले गई और मामले जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजन युवक की मौत का कारण उसकी हत्या होने की आशंका मान रहे हैं, जबकि पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग को लेकर युवक द्वारा आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है। थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आने युवक की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।