नूरपुर ब्लॉक में अवैध वसूली का हुआ खुलासा
बिजनौर। एडीओ आईएसबी द्वारा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से प्रशिक्षण प्रमाण पत्र देने के लिए अवैध रूप से पैसे वसूलने का खेल सामने आया है। सीडीओ पूर्ण बोरा ने आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश जिला विकास अधिकारी को दिए हैं।
मामला नूरपुर ब्लॉक का है। ब्लॉक में इकबाल अहमद सहायक विकास अधिकारी आईएसबी तैनात हैं। सीडीओ दफ्तर के मुताबिक महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अंतर्गत महिलाओं के स्वयं सहायता समूह गठित है। समूह गांवों में एक दर्जन से अधिक निजी रोजगार कर रही है। शासन के निर्देश पर समूह की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं में प्रशिक्षण दिया जाता है। बताया गया कि ब्लॉक की ग्राम पंचायत भैंसा के चांद समूह, ग्राम पंचायत मंजूला गूर्जर के राम समूह तथा ग्राम पंचायत असगरीपुर के दुर्गा समूह की महिलाओं ने सीडीओ को शिकायती पत्र दिया। जिसमें आरोप लगाया गया है कि ब्लॉक के एडीओ आईएसबी इकबाल अहमद द्वारा मनरेगा योजना में कार्यों के प्रशिक्षण प्रमाण पत्र दिए जाने हेतु प्रति समूह 2000 रुपये वसूले गए हैं। जांच में दोनों पक्षों को सुना गया, जिसमें सहायक विकास अधिकारी ने समूहों से पैसा लेने की बात स्वीकारी है। जिस पर सीडीओ पूर्ण बोरा ने आरोपी सहायक विकास अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश जिला विकास अधिकारी को दिए हैं।
ब्लॉकों में लेन देन का बाजार है गर्म
यदि ब्लॉकों से आने वाली खबरों पर यकीन करें तो विकास खंडों में पैसों का खेल होने का यह कोई नया मामला नहीं है। आरोप है कि ब्लॉक में बिना पैसे लिए दिए कोई काम नहीं होता है। इस तरह की शिकायत पहले भी हुई है। परंतु शिकायतों को दबा दिया जाता है। समूह की महिलाओं को निकालने का डर दिखाकर चुप करा दिया जाता है। सीडीओ पूर्ण बोरा ने कहा कि भ्रष्टाचार तथा नियम विरुद्ध कार्यों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
आरोपी को प्रतिकूल प्रविष्टि
जिला विकास अधिकारी एस कृष्णा के अनुसार सीडीओ के आदेश पर नूरपुर ब्लॉक के आरोपी सहायक विकास अधिकारी इकबाल अहमद के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया हो गई हैं। नियमानुसार चरित्र पंजिका में प्रतिकूल प्रविष्टि या निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है। आरोपी की चरित्र पंजिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित की गई है। साथ ही आरोपी एडीओ की एक साल की वेतन वृद्धि भी रोकी गई है।