साइबर ठगी के शिकार हो जाए तो हेल्प लाइन 1930 करें कॉल
नगीना/चांदपुर/अफजलगढ़/ बढ़ापुर/नूरपुर। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शिक्षण संस्थाओं में अभियान चलाकर साइबर अपराध के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। एमएम इंटर कॉलेज नगीना में एसपी देहात रामअर्ज सिंह ने कहा कि यदि साइबर ठगी के शिकार हो जाए तो हेल्प लाइन 1930 पर तत्काल कॉल करें।
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे इंटरनेट क्रांति ला रहा है, लोग मोबाइल, कंप्यूटर का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में साइबर अपराध भी तेजी से पनप रहा है। उन्होंने अपना पासवर्ड व गोपनीय जानकारी नहीं देने की अपील की। इस मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा, कॉलेज के प्रधानाचार्य शाहिद अली गौहर, रामकुमार सिंह ,जहीर अनवर, सचिन रुहेला, बृजमोहन सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
विवेकानंद इंटर कॉलेज दरबाड़ा चांदपुर में आयोजित गोष्ठी में पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया और प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार राय ने छात्र-छात्राओं व कॉलेज स्टाफ को साइबर क्राइम के बारे में बताते हुए कहा कि फेसबुक आईडी इंस्टाग्राम, किसी नए फ्रेंड रिक्वेस्ट को किसी भी लिंक को स्वीकार नहीं करने को कहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य टीकम सिंह ने खुद भी सावधान रहने और समाज को जागरूक करने को कहा।
अफजलगढ़ के सेंटमैरी स्कूल में बृहस्पतिवार को क्षेत्राधिकारी शुभ सूचित और प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने साइबर अपराध से बचने के तरीके बताए। बढ़ापुर के एसएस बाजवा स्कूल में आयोजित गोष्ठी में पुलिस ने बताया कि साइबर ठगों ने ठगी का जाल बिछा रखा है। इनसे सतर्क रहने की आवश्यकता है। इस अवसर पर एसआई गजेंद्र कुमार, संजीव कुमार, प्रदीप कुमार, रोमा सैनी, उत्तम कुमार पाल व अकादमी प्रधानाचार्य डा.अनुराग की उपस्थित रहे।
नूरपुर में बृहस्पतिवार को स्योहारा रोड स्थित आरआर पब्लिक स्कूल में साइबर क्राइम विषय पर आयोजित सेमिनार में नूरपुर थाना प्रभारी धीरज सोलंकी ने छात्र- छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। चंचल कटारिया के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के कोऑर्डिनेटर टीकम सिंह, उप प्रधानाचार्य सुभाष चंद्रा, विकास बैंसला, कपिल शर्मा, कपिल बब्बर, मोहित तोमर, रीता त्यागी, ममता शर्मा, नीरज त्यागी, अजय चौहान आदि उपस्थित रहे।
शेरकोट। पुलिस ने साइबर क्राइम रोकने और नशा मुक्त समाज बनाने के लिए एसओ सतेंद्र सिंह ने पुलिस के साथ पैदल मार्च किया। उन्होंने कहा कि कस्बे में जो लोग नशा बेचने का काम करते हैं, उनकी जानकारी पुलिस को दें। ग्राम मिर्जापुर में भी पलिस ने साइबर क्राइम के प्रति लोगों को जागरूक किया।
ऐसे बरतें सावधानी
- किसी भी अंजान स्रोत से आए मेसेज के लिंक पर क्लिक न करें।
- इंटरनेट पर उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर का सावधानी से उपयोग करें।
- व्हाट्सएप पर सिर्फ अपने कांटेक्ट को ही ग्रुप में ऐड करने की परमिशन दें।
- अंजान नंबरों व फेसबुक पर आने वाली वीडियो कॉल को एक्सेप्ट न करें।
- सोशल मीडिया अकाउंट का पासवर्ड स्ट्रांग रखें और नियमित रूप से बदलें।
- हैकर्स से बचने के लिए पेमेंट करते समय पब्लिक वाई-फाई यूज न करें।