बिजनौर। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एमरी सिंह ने सविता हत्याकांड में मृतका के पति ओमपाल सैनी की जमानत याचिका निरस्त कर दी है।
थाना हीमपुर के गांव सिसौना निवासी शेरसिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी उसकी बहन सविता की शादी 10 साल पहले राजा का ताजपुर निवासी ओमपाल सैनी के साथ हुई थी। उसकी बहन के दो बच्चे मानवी और युवराज हैं। ओमपाल सैनी अधिक शराब पीने का आदी था। शराब पीकर वह उसकी बहन के साथ लड़ाई झगड़ा करता था। 10 फरवरी 2023 को उसके बहनाेई ओमपाल ने फोन पर बताया कि उसकी बहन सविता की मौत हो गई है। इस पर उसका भतीजा वहां गया। उसे पता चला कि संदिग्ध परिस्थितियों में सविता की मौत हुई है। जिसके गले पर निशान हैं।
रिपोर्ट में कहा गया कि सविता ने ओमपाल से त्रस्त होकर मौत को गले लगाया है। अभियुक्त ओमपाल का कहना था कि एक शादी में उसकी पत्नी डीजे पर डांस कर रही थी। उसे पसंद नहीं आया था, उसने उसे डांट दिया था। जिससे क्षुब्ध होकर सविता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस ने इस मामले में अपनी विवेचना में सविता की मौत को हत्या का मामला पाया। अदालत ने ओमपाल के अपराध को गंभीर मानते हुए उसकी जमानत याचिका निरस्त की है।