शिक्षक विधायक के साथ बैठक का बहिष्कार करते वित्तविहीन शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में डीआईओएस की ओर से बुलाई गई जिले के प्रधानाचार्यों की बुलाई बैठक में जमकर हंगामा हुआ। शिक्षक विधायक संजय मिश्रा ने प्रधानाचार्यों से शिक्षक दिवस के नाम पर प्रति कॉलेज 400 रुपये जमा कराने को गलत बताया। शिक्षक विधायक की उपस्थिति में वित्त विहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और अलग से बैठक बुलाने की मांग की। राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्त विहीन कॉलेजों के शिक्षक भी आमने सामने आ गए। उन्हांने एक दूसरे को खूब खरी खोटी सुनाई । शिक्षक विधायक के बैठक में आने से कई प्रधानाचार्यों की आपत्ति जताई। वित्त विहीन स्कूल के प्रधानाचार्यों ने प्रदर्शन भी किया।
डीआईओएस राजेश कुमार ने बुधवार को बिजनौर इंटर कॉलेज बिजनौर में जिले के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्त विहीन कॉलेज के प्रधानाचार्यों की बैठक बुलाई थी। बैठक में मुरादाबाद-बरेली खंड शिक्षक विधायक संजय कुमार मिश्रा भी पहुंचे थे। वित्त विहीन कॉलेज के प्रधानाचार्यों का आरोप था कि शासन ने क्रीड़ा शुल्क, रेड क्रास शुल्क, स्काउट गाइड शुल्क और शिक्षक दिवस शुल्क समाप्त कर दिया है। लेकिन जिले में डीआईओएस की ओर से शिक्षक दिवस के नाम पर प्रति कॉलेज 400 रुपये जमा कराए जा रहे हैं। शिक्षक विधायक संजय कुमार मिश्रा ने डीआईओएस से इस पर रोक लगाने को कहा। राजकीय कॉलेज और सहायत प्राप्त कॉलेजों के कई प्रधानाचार्यों ने शिक्षक विधायक की बैठक में उपस्थिति को ही गलत बता दिया।
वित्त विहीन कॉलेज के प्रधानाचार्यों ने किया बहिष्कार
मामला इतना बढ़ा कि वित्त विहीन विद्यालयों और अन्य कॉलेजों के प्रधानाचार्य आमने-सामने आ गए। हंगामे के बीच वित्त विहीन कॉलेज के प्रधानाचार्यों ने बैठक का बहिष्कार कर सभागार से बाहर आ गए। हालांकि डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को मनाने की कोशिश की। माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक महासभा के जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह तोमर, महासचिव टीकम सिंह का कहना था कि आगे से वित्त विहीन कॉलेजों के प्रधानाचार्यों की बैठक अलग से आयोजित होनी चाहिए। राजकीय कॉलेजों और सहायता प्राप्त कॉलेजों के प्रधानाचार्यों के साथ वह बैठक साझा नहीं करेंगे। इस दौरान प्रबंधक गणेश ठाकुर, विजय पाल सिंह, प्रेम सिंह चौहान, सत्यवीर सिंह, दिनेश कुमार, अजब सिंह, अमित कुमार, सुधीर कुमार सहित कई प्रधानाचार्य मौजद रहे।
वित्त विहीन से नहीं लिया जा रहा शुल्क : डीआईओएस
डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि शिक्षक दिवस पर कॉलेजों को दिए जाने वाले टिकट के कूपन राजकीय और सहायता प्राप्त कॉलेजों के लिए हैं। इसका लक्ष्य 400 रुपये प्रति कॉलेज रखा गया है। वित्त विहीन कॉलेजों से शिक्षक दिवस पर कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। यह मामला एजेंडे में त्रुटि से शामिल हुआ है।
हंगामे के दौरान कई अधिकारी थे मौजूद
बिजनौर। डीआईओएस द्वारा बुलाई गई जिले के प्रधानाचार्यों की बैठक में जिस समय हंगामा हुआ उस समय कई जिला स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में एडीएम राजस्व अवधेश कुमार मिश्रा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, डीआईओएस आदि मौजूद रहे।
शैक्षिक पंचांग के अनुसार हो स्कूलों में शिक्षण कार्य
बिजनौर। जिले के प्रधानाचार्यों की बैठक में शिक्षा सत्र 2018-19 के संचालन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। प्रधानाचार्यो को छात्रवृत्ति, आधार कार्ड, निर्वाचन, हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए बनाए जाने वाले परीक्षा केंद्रों के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बुधवार को बिजनौर इंटर कॉलेज बिजनौर के सभागार में बुलाई गई जिले के प्रधानाचार्यों की बैठक में एडीएम एफआर अवधेश कुमार मिश्रा ने प्रधानाचार्यों को शिक्षा सत्र 2018-19 के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानाचार्यों से शासन के निर्देशों का पालन करने को कहा। छात्र छात्राओं के पृथक-पृथक शौचालयों की व्यवस्था कराने, कॉलेजों का डाटा अपडेट रखने के लिए कार्य करने को कहा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तथा समाज कल्याण अधिकारी ने हाई स्कूल व इंटरमीडिएट में छात्रों की छात्रवृत्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। डीआईओएस राजेश कुमार ने शिक्षक अभिभावक संघ की बैठक समय समय पर करने, शैक्षिक पंचांग के अनुसार शैक्षणिक कार्य कराने, कॉलेज को जिस स्तर की मान्यता है उसी स्तर की कक्षाओं का संचालन कराने, सभी छात्रों के आधार आवश्यक रूप से लेने को कहा। स्काउट गाइड, रेडक्रास, खेल चंदा समय पर जमा कराने के निर्देश भी दिए गए। सेवानिवृत्त शिक्षकों की पेंशन संबंधी समस्याओं का निस्तारण कराने, सातवें वेतन आयोग के 50 प्रतिशत तक के बिल समय पर कार्यालय में जमा कराने, शिक्षकों व कर्मचारियों के लंबित देयकों के भुगतान के लिए बिल डीआईओएस कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए।