मंडावर में गांव बादशाहपुर में एक किसान के मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
थाना क्षेत्र के गांव गांव बादशाहपुर निवासी वीर सिंह शनिवार की शाम अपने परिजनों के साथ अपने खेतों पर काम करने गए थे। वीर सिंह के अनुसार घर पर उसकी पौत्री राजकुमारी (19) अकेली थी। उन्हें जंगल से लौटने में देर हो गई तो राजकुमारी घर के आंगन में छज्जे के नीचे बैठकर खाना पकाने लगी। इसी दौरान अचानक छज्जे का एक किनारा टूटकर उसके हाथ पर जा गिरा। इससे उसके हाथ में मामूली चोट लग गई। युवती समझदारी दिखाते हुए घर से बाहर आ गई। थोड़ी ही देर में देखते ही देखते मकान भरभराकर गिर गया। तेजी से धमाका होने पर वहां पर मोहल्ले वालों की भीड़ जमा हो गई। मोहल्ले वालों ने इसकी सूचना परिजनों को दी।वीर सिंह के अनुसार कमरे में रखे पहनने और ओढ़ने कपड़े, खाने पीने का सामान और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। वीर सिंह ने बताया कि उनके परिवार में छोटे-बड़े, बच्चे आदि करीब 15 सदस्य हैं। यह मकान करीब दस साल पहले बनवाया था। ब्यूरो