-मौके से फरार तीसरे बदमाश मोहम्मद उस्मान को भी दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना (बिजनौर)। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान नगीना और नजीबाबाद थाने के हिस्ट्रीशीटर शहजाद और दानिश को गिरफ्तार किया है। पैरों में गोली लगने दोनों बदमाश घायल भी हो गए। दो सिपाहियों को भी हल्की चोट आई है। उधर, मौके से फरार हुए तीसरे बदमाश मोहम्मद उस्मान को पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया।
नगीना पुलिस यह मुठभेड़ मंगलवार की रात्रि करीब 9:30 बजे ग्राम आहलेदादपुर मार्ग पर पीर के पीछे हुई। पैर में गोली लगने के बाद पकड़ गए दोनों बदमाशों की पहचान नगीना के मोहल्ला कलालान निवासी शहजाद और नजीबाबाद के पठानपुरा निवासी दानिश कुरैशी के रूप में हुई। बाद में पुलिस ने फरार हुए तीसरे बदमाश नगीना के मोहल्ला कलालान निवासी मोहम्मद उस्मान को भी गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में पुलिस के दो सिपाही ललित और राजेश भी चोट लगने से घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक ( देहात) राम अर्ज ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के पास से दो तमंचे, कारतूस, दो मोटरसाइकिल व संरक्षित पशु को काटने के लिए प्रयोग में होने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। मौके से एक संरक्षित पशु को जिंदा बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में पकड़े गए दोनों बदमाशों के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है। दोनों अपने-अपने थानों के हिस्ट्रीशीटर हैं।