बिजनौर। संत समाज के आह्वान पर बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार बंद करने की मांग को लेकर शुक्रवार को संत, समस्त हिंदू समाज सड़कों पर उतर आया। समस्त हिंदू समाज, संतों ने शहर की मुख्य सड़कों पर प्रदर्शन करते कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां उन्होंने प्रदर्शन किया और बाद प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। वहीं हिंदू समाज के लोगों ने बाजार भी बंद रखा।
संत, समस्त हिंदू समाज शुक्रवार को रामलीला ग्राउंड में एकत्र हुए। वहां एकत्र भीड़ को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा किसी भी रूप में बांग्लादेशी में हिंदुओं पर अत्याचार, माता बहनों के साथ अप्रिय घटनाएं, देव स्थलों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
वहां से संत समाज के नेतृत्व में हजारों हिंदू, सामाजिक संस्था, मंदिर समिति व्यापार मंडल, चिकित्सक, एडवोकेट आदि समाज के लोगों ने कलक्ट्रेट की ओर कूच किया। हिंदू समाज के लोग प्रदर्शन करते हुए सिविल लाइन, शास्त्री चौक, जजी से होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार बंद के नारे गूंजे। कलक्ट्रेट में महंत श्री 108 नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि समूचा विश्व बांग्लादेश में हो रही अमानवीय हिंसा से अवगत है, लेकिन वहां हो रही हिंसा अब हिन्दू विरोधी हो चुकी है। हिन्दुओं पर अत्याचार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में कोई देश हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने से परहेज कर रहे हैं। नरेंद्र गिरी महाराज ने दो टूक कहा कि सरकार संत समाज व हिंदू समाज को मौका दें, तो वह बंग्लादेश में सबक सिखा देंगे और हिंदू बांग्लादेश बना देंगे। इस दौरान हिंदू समाज के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर अपना समर्थन दिया। वहीं बांग्लादेश के खिलाफ जन आक्रोश प्रदर्शन में हिंदू समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रही।
-
ज्ञापन देने वालों में बच्चन दास महाराज, बाबा कुल्हाड़ी वाले, गोपाल दास महाराज, किशन दास महाराज, अवधेश गिरी आदि संत, साधु समाज, विधायक ओमकुमार, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा चौधरी, डा. बीरबल सिंह, सीपी सिंह, ऐश्वर्य चौधरी, मंजू चौधरी, सुभाष वाल्मीकि, जितेंद्र चौधरी, अनिल चौधरी सिंधू राज आदि शामिल रहे।