नजीबाबाद में कृष्णा टाकीज चौराह के निकट खस्ताहाल नगर क्षेत्र का हाइवे मार्ग।
- फोटो : NAZIBABAD
हाईवे गड्ढों में तब्दील, दुर्घटना की आशंका
नजीबाबाद। नगर की आबादी क्षेत्र से जुड़े मेरठ-पौड़ी और हरिद्वार-मुरादाबाद हाईवे पर कई स्थानों पर गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही हाईवे और मुख्य मार्गों को गड्ढा मुक्त कराने की घोषणा की गई थी। लेकिन हाईवे अथॉरिटी द्वारा सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए पर्याप्त बजट न मिलने, मौसम खराब होने तथा बजट में कटौती आदि का तर्क देकर अधिकांश सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने में देरी की गई। दो माह से नगर सीमा से बाहर के हाईवे गड्ढा मुक्त किए गए लेकिन अभियान में नगर क्षेत्र और हाईवे से जुड़े कुछ क्षेत्रों को छोड़ दिया गया। नजीबाबाद नगर क्षेत्र मालन नदी के पुल से भारत सिनेमा फ्लाईओवर के निकट फव्वारे तक जगह-जगह हाईवे खस्ताहाल है। वहीं, हाईवे अथॉरिटी के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर बीपी पाठक का कहना है कि क्षेत्र के मार्गों को गड्ढा मुक्त कराने के लिए क्षेत्रीय निर्माण इकाई को दिशा निर्देश दिए गए हैं।