- पुलिस के हूटर व सुरक्षा गार्डों की फायरिंग से भागे
- दो बाइक सवारों पर हमले का किया प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर। चांगीपुर में निर्माणाधीन शुगर मिल के गेट के बाहर रोड पर रात करीब दो बजे आधा दर्जन से अधिक गुलदारों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवारों का पीछा कर हमले का प्रयास किया। मिल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के हूटर और मिल के गार्डों द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गए।
चांगीपुर मिल के सामने खाली पड़ी जगह पर शुक्रवार की रात करीब दो बजे सात गुलदार देखे जाने से दहशत फैल गई। मिल के सामने सड़क पर गुलदारों का करीब एक घंटे कब्जा रहा। इस दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइक सवारों का गुलदारों ने पीछा कर हमले का प्रयास किया। मिल प्रशासन की सूचना पर पीआरवी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हूटर बजाया। उधर, मिल के सुरक्षा गार्डों ने अपने लाइसेंसी हथियारों से कई राउंड फायरिंग की। इसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गए।
मिल के महाप्रबंधक जितेंद्र मलिक ने बताया कि गुलदारों की सूचना पुलिस को दी गई है। वन क्षेत्राधिकारी दुष्यंत कुमार का कहना है कि गांव में एक टीम भेजी गई है। जबकि मिल प्रशासन व आसपास के दुकानदारों ने शुक्रवार की शाम तक कोई टीम आने से इंकार किया है।
उधर, ग्राम प्रधान जगपाल सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को गुलदार एक निराश्रित गोवंश व पालतू कुत्ते को निवाला बना चुका है। गांव के मेन रास्ते में एक साथ आधा दर्जन गुलदारों की दस्तक से गांव में दहशत का माहौल है। इसी रास्ते पर दो प्राइवेट स्कूल संचालित होने से स्कूल आने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है।