- प्रभारी मंत्री ने अफसरों के संग बैठक कर दिए दिशा निर्देश
बिजनौर। प्रभारी मंत्री से बाढ़ को लेकर अधिकारियों के संग बैठक की। जिसमें बाढ़ से निपटने और बाढ़ में फंसे लोगों को निकालकर तुरंत ही मदद पहुंचाने के लिए निर्देश दिए।
शनिवार को कलक्ट्रेट के सभागार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग कपिल देव अग्रवाल ने जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री काफी संवेदनशील हैं जो कि बाढ़ की विभीषिका से आमजन की सुरक्षा के लिए तत्पर हैं। किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने जलभराव की स्थिति की रोकथाम के लिए फ्लड मैनेजमेंट प्लान तैयार कर उसका क्रियान्वयन करने के भी निर्देश दिए। राज्य सरकार सभी प्रभावित लोगों की सुरक्षा और भरण-पोषण के लिए जरूरी प्रबंध कर रही है।
उन्होंने बाढ़ के कारण पानी में डूबने से हुई मौत पर दुख व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से निकाले गए लोगों को तत्काल मदद पहुंचाई जाए। सीएमओ को निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न जलजनित और मच्छर जनित बीमारियों के फैलने की आशंका होती है, शिविर लगाकर उपचार किया जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष साकेन्द्र प्रताप सिंह, डीएम उमेश मिश्रा, एसपी नीरज कुमार जादौन, सीडीओ पूर्ण बोरा, एडीएम प्रशासन विनय कुमार सिंह, एडीएम अरविंद कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।