गुलदार के हमले में बछिया की मौत
अफजलगढ़। गांव प्रेमपुरी निवासी गुरपेज सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 11 बजे के करीब बारिश आने पर घर के सभी लोग कमरों में चले गए। अचानक गुलदार ने पशुशाला में बंधी गाय व पांच माह की बछिया पर हमला कर दिया। गाय के रंभाने की आवाज सुनकर बाहर आया तो गुलदार देखकर उसके शोर मचाने पर गुलदार भाग गया। बछिया के करीब जाकर देखा तो वह मर चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि अक्सर गुलदार आने से भय बना रहता है। आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से गुलदार को पकड़कर वन क्षेत्र में छुड़वाने व बछिया का मुआवजा दिलाने की मांग की है। उधर डिप्टी रेंजर श्यामलाल का कहना है कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर मुआवजा दिलाने व आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।