स्वास्थ्य विभाग का दावा : डेंगू, मलेरिया नहीं मौसम कर रहा बीमार
बिजनौर। जिले में बुखार तेजी से फैल रहा है। मरीजों की प्लेटलेट्स भी कम हो रही हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग डेंगू, मलेरिया से नहीं मौसम की वजह से बीमार होने का दावा कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मौसम परिवर्तन होने से मरीजों की प्लेटलेट्स कम हो रही है। अस्पताल में इस समय 29 बुखार के मरीज भर्ती हैं। जिनमें से तीन डेंगू के संभावित मरीज हैं।
जिले के ज्यादातर क्षेत्रों में बुखार का प्रकोप है। हर घर में बुखार के मरीज मिल रहे हैं। बुखार की वजह से लोगों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ रहा है। मरीजों में प्लेटलेट्स कम होना, शरीर में दर्द, सिर के अगले हिस्से में दर्द जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। बुखार से जिले में अब करीब 20 लोगों की मौत हो चुकी है। मगर स्वास्थ्य विभाग इनमें से ज्यादातर लोगों की मौत अन्य बीमारियों की वजह से बता रहा है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी बुखार के मरीजों की संख्या काफी है। जिला अस्पताल में अक्तूबर माह में बुखार के 65 मरीज भर्ती किए गए। जिला अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक ज्यादातर में प्लेटलेट्स कम पाई गई है। इसका कारण मौसम परिवर्तन होने सेे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। जिसके चलते एंटीबायोटिक दवाई खाने से प्लेटलेट्स कम हो रही हैं।
ब्लड बैंक में रोजाना तीन यूनिट तक फ्रेश ब्लड की मांग
जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में फ्रेश ब्लड की इस समय मांग बढ़ गई है। सितंबर माह में बहुत कम लोगों ने ही फ्रेश ब्लड की मांग की थी। जबकि अक्तूबर माह में फ्रेश ब्लड की मांग बढ़ी है। ब्लड बैंक से मिली जानकारी के मुताबिक रोजाना तीन यूनिट तक फ्रेश ब्लड की मांग की जा रही है। क्योंकि फ्रेश ब्लड से प्लेटलेट्स अलग की जाती है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि मरीजों की प्लेटलेट्स कम हो रही है। जबकि स्वास्थ्य विभाग डेंगू का प्रकोप होने से इंकार कर रहा है।
अक्तूबर माह में हुई 808 मरीजों की डेंगू की जांच
जिले में अक्तूबर माह में डेंगू के 808 लोगों की रेपिड कार्ड से डेंगू की जांच हुई। जिनमें से 36 की रिपोर्ट पॉजिटिव आए। जब इनका एलाइजा टेस्ट किया गया तो, इनमें से सात की रिपोर्ट की पॉजिटिव मिले। जबकि अक्तूबर में 16543 लोगों की मलेरिया की जांच हुई। जिनमें से चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
जिले में भेजी 207 लीटर लार्वा कीटनाशक टेमेफोस
मलेरिया विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में 207 लीटर लार्वा कीटनाशक टेमेफोस और 70 किलो बीटीआई भेजी गई है। जिसका छिड़काव कराया जा रहा है। वहीं इस समय मलेरिया विभाग के पास 75 लीटर टेमेफोस, 45 किलो मेलाथियॉन और 90 किलो बीटीआई उपलब्ध है।
जिले में इस समय डेंगू, मलेरिया का प्रकोप नहीं है। मौसम परिवर्तन होने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। अस्पताल में भी बुखार के मरीजों की संख्या घटने लगी है। ठंड से अपना बचाव करें - डॉ. विजय कुमार गोयल, सीएमओ