- कार्यालयों, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल सहित सभी जगह होगा कोरोना नियमों का पालन
- 47 हैं जिले में कोरोना के मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसेे में स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना नियमों का पालन करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी कार्यालयों में मास्क का प्रयोग करने और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए कहा गया है। स्कूल-कॉलेज, चिकित्सालयों, सिनेमा हॉल, मॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर कोरोना नियमों का पालन कराने के लिए निर्देशित किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय कुमार गोयल ने सभी कार्यालयों में कोरोना नियमों का पालन कराने के लिए पत्र जारी कर दिया है। क्योंकि जिले में कोरोना 47 सक्रिय मामलेे चल रहे हैं। 16 मार्च से अब तक कोरोना के 79 मरीज मिल चुके हैं। कार्यालयों में मास्क, सेनेटाइजर, दूरी का पालन करने के निर्देश दिए हैं। दरवाजे, रेलिंग, लिफ्ट, पार्किंग क्षेत्र को समय-समय पर सेनेटाइज करने के लिए कहा।
वहीं स्कूल-कॉलेजों को विद्यार्थियों को मास्क और दूरी का पालन कराने के निर्देश दिए। स्कूल-काॅलेजों के प्रवेश द्वार पर थर्मल स्केनिंग की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया। किसी भी बच्चे को खांसी, जुकाम, बुखार की समस्या होने पर चिकित्सक परामर्श कर उपचार करने के लिए कहा। अस्पतालों में बिना मास्क प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए।