सीएचसी, पीएचसी पर लगेंगे हेल्थ एटीएम
बिजनौर। जिला अस्पताल के बाद दूसरे चरण में सभी सीएचसी व पीएचसी पर हेल्थ एटीएम लगाए जाएंगे। जिला अस्पताल में जांच के लिए लगी हेल्थ एटीएम से मरीज की एक बार में 23 जांच हो सकेंगी। जांचकर्ता के मोबाइल पर मैसेज व व्हाट्सएप से जांच रिपोर्ट भेजी जाएगी।
हेल्थ एटीएम को लैब टेक्नीशियन ऑपरेट करेंगे। लैब टेक्नीशियन ही मरीजों को बताएंगे कि हेल्थ एटीएम से किस प्रकार जांच करानी है। पहले चरण में जिला अस्पताल को शामिल किया गया है। इसके चलते यहां हेल्थ एटीएम लगे हैं। अगले चरण में जहां स्टाफ की कमी है, उन सीएचसी एवं पीएचसी पर हेल्थ एटीएम की व्यवस्था की जाएगी। हेल्थ एटीएम से वजन, लंबाई, बीपी, शरीर में वाटर लेवल, शुगर, यूरिन सहित यहीं जांच होंगी। मशीन में पिन लगी हुई है। उससे थोड़ा मरीज का खून लिया जाएगा। उसके बाद मरीज की जांच हो जाएगी। जांच से पहले मरीज का रजिस्ट्रेशन होगा। उसमें मोबाइल नंबर फीड हो जाएगा। जांच होने के बाद उसी नंबर पर मैसेज आएगा। अगर स्मार्टफोन है, तो व्हाट्सएप पर भी जांच की रिपोर्ट भेजी जाएगी।
पहले चरण में जिला अस्पताल में ही हेल्थ एटीएम लगाए गए हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह व्यवस्था की जा रही है। जांच के हिसाब से यह एक अच्छी शुरुआत है। जल्दी सीएससी, पीएससी पर भी हेल्थ एटीएम लगाए जाएंगे - डॉ. विजय कुमार गोयल, सीएमओ