नगीना के ग्राम काजीवाला में गुलदार के पिंजरे में कैद होने के बाद मौके पर किसान व वनअधिकारी
महिला की जान लेने वाले गुलदार की तलाश में 55 घंटे तक चला अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। ग्राम काजीवाला में एक महिला की जान लेने के बाद आतंक का पर्याय बना गुलदार आखिरकार पिंजरे में फंस गया है। 55 घंटे से उसकी तलाश में अभियान चला रही वनविभाग और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। गुलदार को अमानगढ़ के जंगल में छुड़वा दिया गया है।
नगीना क्षेत्र के ग्राम काजीवाला में शनिवार की सुबह करीब छह बजे एक खेत पर शौच कर रही 40 वर्षीय महिला मिथिलेश देवी को गुलदार ने हमला कर मार डाला था। इसके बाद वन विभाग की टीम ने घटनास्थल के पास गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा व कैमरे लगाए थे। साथ ही गांव में वन विभाग की दो टीम तैनात की गई थी। ड्रोन कैमरे से भी गुलदार की तलाश की गई थी। शनिवार की रात गुलदार काफी देर तक पिंजरे के आसपास घूमता रहा फिर वापस चला गया। रविवार की रात्रि करीब आठ बजे गुलदार ने गांव की घनी आबादी में दस्तक दी। सोमवार की सुबह से ही वन विभाग की टीम बारिश के बावजूद घटनास्थल के पास बैठी रही। सोमवार की दोपहर एक बजे गुलदार पिंजरे में कैद हो ही गया। वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप शर्मा का कहना है कि गुलदार की आयु करीब तीन वर्ष से अधिक प्रतीत हो रही है।