- मां के संग पर खेत पर गया था दस वर्षीय बालक
- गुलदार के हमले में घायल बालक का चल रहा उपचार
फोटो - 26
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना (बिजनौर)। मां के संग खेत पर गए दस वर्षीय बालक को गुलदार उठा ले गया। हालांकि ग्रामीणों ने उसके पीछे दौड़ते हुए शोर शराबा कर बालक को बचा लिया। गुलदार के हमले में घायल हुए बालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रविवार को थाना क्षेत्र के ग्राम जीतपुर पलड़ी निवासी प्रकाश का 10 वर्षीय पुत्र टिकेंद्र रविवार की दोपहर करीब तीन बजे अपनी मां संतरेस के साथ खेत पर गया था। बताया जाता है कि मां खेत पर गन्ना छीलने लगी तथा बालक टिकेंद्र खेलने में लग गया। तभी एक गुलदार ने बालक पर तेजी से झपट्टा मारा तथा गर्दन से पकड़ते हुए ईख में ले गया। गुलदार द्वारा बालक को उठाकर ले जाता देख मां की चीख निकल गई। मां संतरेस के शोर मचाने पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने ईख में घुसकर बालक को कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार के हमले से बचाया। लेकिन तब तक गुलदार अपने पंजों से बालक को लहूलुहान कर चुका था। गुलदार के हमले में बालक की गर्दन व सिर बुरी तरह जख्मी हो गया। आनन-फानन में ग्रामीण बालक को नगीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाए जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिजनौर रेफर कर दिया गया।