कालागढ़ में रामगंगा बांध परियोजना क्षेत्र में बने दृश्य स्थलों पर आने जाने वाले लोग प्रकृति के सौंदर्य का दीदार करते हैं। परंतु यहां इन दिनों हिंसक वन्यजीव डेरा डाले हुए हैं। एक दीवार पर चढ़कर गुलदार सीधे ही दृश्य स्थल पर जा बैठा। वहां से गुजरने वाले श्रमिकों नंदराम, संत सिंह, राकेश आदि ने बताया कि सरकारी वाहनों से निकलने वाले लोगों ने जीवों को देखकर उनसे दूरी बनाने को कहा। उधर, कार्बेट टाइगर रिजर्व की दक्षिणी सीमा पर हाथियों का एक दल पानी पीने के लिए पहुंचा। आबादी क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों ने हाथियों के फोटो खींचे। केंद्रीय कॉलोनी में हनुमान मंदिर से लेकर इंटर काॅलेज के निकट तक एक बाघिन अक्सर देखी गई है। सांझ ढलते ही वन्य जीव आबादी क्षेत्र में विचरण करते देखे जा रहे हैं। जिससे आम लोगों की सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो रहा है।