- गांव शाहपुर जमाल का मामला, एक बकरे पर भी किया हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़। गांव शाहपुरजमाल में गुलदार ने बकरी चराकर आ रहे चरवाहे पर छलांग लगा दी। चरवाहे ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। इसके बाद गुलदार ने एक बकरे पर हमला कर जख्मी कर दिया। गुलदार के भय से ग्रामीण खेतों पर भी जाने से घबरा रहे हैं। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़कर वन क्षेत्र में छुड़वाने की मांग की है।
रविवार को दोपहर बाद गांव निवासी महीपाल सिंह खेतों की ओर बकरी चराने के लिए गया था। वह शाम को घर लौट रहा था। रास्ते में बैठे गुलदार ने महीपाल पर छलांग लगा दी। उसने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। गुलदार ने एक बकरे पर हमला कर घायल कर दिया। इसी दौरान ग्रामीण दुर्गेश, जितेंद्र, वीर सिंह, ओमप्रकाश सिंह, भोला, कुसुमपाल, उत्तम व करोड़ी सिंह आदि आ रहे थे। जब उन्होंने गुलदार को बकरे पर हमला करते देखा पहले तो वह घबरा गए। फिर हिम्मत कर ग्रामीणों ने लाठी डंडे फटकार कर व शोर मचाते हुए गुलदार को वहां से भगाया।
ग्रामीणों का कहना है गुलदार रोजाना नजर आ रहा है और गांव में घुसकर पशुओं व कुत्तों की निशाना बना रहा है। ग्रामीणों को आशंका सता रही है कि कहीं गुलदार बच्चों पर हमला न कर बैठे। पिंजरा लगा होने के बाद भी गुलदार वन विभाग की पकड़ से बाहर है। ग्रामीणों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से गुलदार को पकड़कर वन क्षेत्र में छुड़वाने की मांग की है। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप शर्मा ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने तथा गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है। उनका कहना है गुलदार को पकड़ने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।