गांव गौसपुर के जंगल में दिखा गुलदार
बिजनौर। गांव गौसपुर के पास से अलावलपुर शाखा के नाम से नहर गुजर रही है। रविवार रात गांव का नसीम बाइक से घर आ रहा था। नहर की पटरी पर उसे गुलदार दिखाई दिया। उसने बाइक को दौड़ाई और गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। लेकिन अंधेरा होने के कारण ग्रामीण नहर पर नहीं गए। सोमवार सुबह गांव की मस्जिद से गुलदार होने का ऐलान कराया गया। वहीं, क्षेत्र के गांव उमरी में गन्ने के खेत के पास से गुजर रही चकरोड में जंगल से आते समय एक ग्रामीण ने गुलदार देखा। उसने गांव में जाकर गुलदार होने की सूचना दी। ग्रामीणों ने एकत्र होकर जंगल में गुलदार की तलाश में कांबिंग की, लेकिन वह कहीं नहीं दिखाई दिया। गुलदार देखे जाने से ग्रामीणों में भय व्याप्त है और ग्रामीणों ने अकेले जंगल जाना बंद कर दिया है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़वाने की मांग की है।