- नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग पर हेमकुंड पेपर मिल के निकट हुआ हादसा
- गांव मखवाड़ा में महिला को मारने वाले गुलदार से हुआ इस गुलदार के पगचिह्नों का मिलान
फोटो-01एनजेडबी02ए और 02बी
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद (बिजनौर)। किसी वाहन से टकरा कर नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग पर गुलदार के शावक की मौत हो गई। वन विभाग की टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच की। पोस्टमार्टम के लिए शव को जला दिया गया। गुलदार के पगचिह्नों का मिलान गांव मखवाड़ा में 17 जुलाई को गुड्डी देवी को मारने वाले गुलदार से हुआ है।
नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग पर हेमकुंड पेपर मिल के निकट मंगलवार सुबह एक गुलदार मृत देखा गया। क्षेत्रवासियों की सूचना पर थाना प्रभारी राधेश्याम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गांव सिकंदरपुर निवासी किसान नेता ठाकुर गजेंद्र सिंह और महेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में काफी समय से दो गुलदार देखे जा रहे थे। सामाजिक वानिकी विभाग ने गुलदार की उम्र करीब दो वर्ष होने का दावा किया है। घटना की सूचना मिलने पर सामाजिक वानिकी के डिप्टी रेंजर सतीश शर्मा, डिप्टी रेंजर हरगोविंद सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृत गुलदार का शव कब्जे में ले लिया।
उप प्रभागीय वनाधिकारी बिजनौर ज्ञान सिंह, रेंजर एसके शर्मा, वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट के वन्य जीव विशेषज्ञ अनिल नायर, पशु चिकित्सक डॉ. रवि ने घटनास्थल और मृत गुलदार का परीक्षण किया। वन विभाग द्वारा गठित पैनल टीम के डॉ. सर्वेश, डॉ. अंकित चौधरी, डॉ. भानु प्रताप ने मृत गुलदार का जालपुर पौधशाला पर पोस्टमार्टम किया। मृत गुलदार शावक को नियमानुसार जलाया गया।
गुड्डो देवी को मारने वाले गुलदार से हुआ पंजों का मिलान
सामाजिक वानिकी एवं वन विभाग के अधिकारियों ने गांव मखवाड़ा में 17 जुलाई को गुड्डी देवी को मौत के घाट उतराने वाले गुलदार की दुर्घटना में मारे जाने की आशंका व्यक्त की है। वन अधिकारियों का मानना है कि गांव मखवाड़ा, दयालपुर और गढ़ीपुरा में जिस गुलदार के पंजे मिले थे। वे मृत गुलदार के पंजों से काफी हद तक मेल खाते हैं। वन विभाग के अधिकारी महिला गुड्डो देवी को मारने वाले गुलदार के बुंदकी मार्ग पर दुर्घटना में मारे जाने का कयास लगा रहे हैं।