नसीर दिवाला में ग्रामीण की छत पर चढ़ा गुलदार
शेरकोट। गांव नसीर दिवाला के ग्रामीण गुलदार से भयभीत हैं। बुधवार शाम गुलदार एक व्यक्ति के मकान की छत पर चढ़ गया। जब ग्रामीणों से उसे छत पर मंडराता देखा तो उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों के शोर मचाने के बाद गुलदार जंगल की ओर से भाग गया। वन विभाग गांव में पिंजरा लगाने की तैयारी कर रहा है।
गांव के सतीश कुमार, करन सिंह, प्रेम कुमार, योगेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, वीरेंद्र सिंह आदि का कहना है कि वह वन विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन गुलदार को पकड़ने का कोई प्रयास नहीं हुआ। ग्रामीणों ने बुधवार शाम जब गुलदार को मकान की छत पर देेखा तो उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया। उनका कहना है कि वे गुलदार के डर के कारण रात में पहरा दे रहे हैं। दिन छिपते ही अपने बच्चों को घरों में कैद कर देते हैं। स्वयं लाठी डंडों से लैस होकर सतर्कता के साथ समूह बनाकर रात भर पहरा देते रहते हैं। ग्रामीणों ने डीएम से संज्ञान लेकर गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। वहीं, वन दरोगा लक्ष्मीचंद का कहना है कि विभाग की ओर से पूरा प्रयास किया जा रहा है। बृहस्पतिवार रात तक हर हाल में नहटौर से पिंजरा मंगाकर गुलदार को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए जाएंगे।