नांगलसोती के रसूलपुर सैद में गुलदार होने की सूचना पर पहुंची वानिकी टीम।
- बकरियां चराते हुए हमला किया, बाल-बाल बचा युवक
बिजनौर, नांगलसोती। खेत में बकरी चरा रहे एक युवक व बकरियों पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। शोर मचाने पर गुलदार गन्ने के खेत में भाग गया।
गांव रसूलपुर सैद उर्फ सैदपुरी निवासी डॉ. लड्डन के खेत में गांव जालपुर निवासी शकील रविवार की शाम बकरी चरा रहा था। तभी गन्ने के खेत से निकले गुलदार ने बकरी व शकील पर हमला कर दिया का प्रयास किया। शकील के शोर मचाने पर आस-पास खेतों में काम कर रहे डॉ. लड्डन, वसीम अहमद, नसीम अहमद, रईस अहमद, मो.दानिश, आतिफ जैदी आदि मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की भीड़ देखकर गुलदार गन्ने के खेत में घुस गया। खेतों पर गुलदार होने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों की सूचना पर सामाजिक वानिकी विभाग के दरोगा विकास कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वानिकी विभाग की टीम ने गुलदार की तलाश में क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन गुलदार दिखाई नहीं दिया। टीम को खेतों में गुलदार के पंजों के निशान भी मिले हैं। दरोगा विकास कुमार का कहना है कि दोबारा गुलदार दिखाई देने पर पिंजरा लगाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को जंगल अकेले न जाने और सचेत रहने की सलाह दी।