स्योहारा (बिजनौर)। खेत में गेंहू की फसल काट रहे एक किसान पर अचानक गुलदार ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। खेत पर काम कर रही उसकी पत्नी व अन्य किसानों ने किसान को गुलदार से छुड़ाया। गंभीर हालत में किसान को सीएचसी पर भर्ती कराया गया।
रविवार दोपहर गांव बजीरपुर मंडईयो निवासी किसान लोकेश (38) पुत्र मदन सिंह अपनी पत्नी सर्वेश आदि के साथ गेंहू की फसल काट रहा था कि अचानक गुलदार ने लोकेश पर हमला कर दिया। गुलदार ने किसान की गर्दन, हाथ व पीठ पर वार किए। शोर मचाने पर खेत पर काम कर रहे अन्य किसान खवानी सिंह, ह्रदेश, केशव, सुखवीर सिंह, यशपाल आदि ने गुलदार के चंगुल से किसान को बचाया। गंभीर हालत में किसान को सीएचसी पर भर्ती कराया। प्रथम उपचार के बाद किसान को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन दरोगा विजय भारत सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है।