मंडावर। जीएसटी विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को मंडावर में स्थित एक कोल्ड ड्रिंक गोदाम पर छापा मारा। देर शाम तक टीम ने स्टॉक का मिलान किया। बृहस्पतिवार दोपहर जीएसटी अफसर चंदक रोड पर स्थित अनिल ट्रेडर्स के गोदाम पर पहुंचे। टीम ने वहां मौजूद गोदाम स्वामी अनिल कुमार और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही रिकॉर्ड खंगाले। सूत्रों के अनुसार चोरी और फर्जी बिलिंग के आरोप में एक या एक से अधिक बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर यह कार्रवाई की गई है। दोपहर से शुरू हुई कार्रवाई शाम तक जारी रही। जीएसटी अधिकारियों की टीम की कार्रवाई के दौरान सराफा बाजार बंद हो गया। जीएसटी विभाग की एसआईबी शाखा के उपायुक्त पुष्पेश सिंह का कहना है कि अभी स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।