विजयनंगला में घटनास्थल पर जमा ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
नूरपुर में गांव विजयनंगला में एलटी लाइन के लटके तारों को ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप झुलस गया। गांव में चार नलकूपों पर जा रही एलटी लाइन के तार काफी नीचे हैं। बुधवार दोपहर विजयनंगला निवासी मुकेश अपने भाई महेश पुत्र वीर सिंह, गांव के ही जयदेव पुत्र बलवीर, मोनू पुत्र नत्थू सिंह एवं परवेंद्र पुत्र राम सिंह के साथ इन तारों को खींचने गया था। उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी। तार खींचते समय अचानक आपूर्ति आ गई और पांचों तारों से चिपक गए। चीख सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण पहुंचे और बिजलीघर पर फोन कर आपूर्ति बंद कराई। परिजन युवकों को सीएचसी ले गए। वहां चिकित्सकों ने परवेंद्र को बिजनौर व बाकी चारों को हायर सेंटर मुरादाबाद रेफर कर दिया। मुरादाबाद में चिकित्सकों ने मुकेश, महेश, जयदेव सिंह और मोनू को मृत घोषित कर दिया। परवेंद्र को बिजनौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।