-नाम बदलकर दो बार सीसी रोड बनाकर लाखों हड़पने का आरोप
बिजनौर। डीएम ने नूरपुर ब्लाॅक में हुए लाखों के घोटाले में ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर दिया है। उन पर ब्लाॅक में एक सीसी रोड का नाम बदलकर दो बार बनाने समेत कई आरोप हैं। घोटाले की आगे की जांच सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी तकनीक को सौंपी गई है।
मामला नूरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत शिवाला कला का है। ग्रामीणों ने पंचायत की एक सीसी रोड नाम बदलकर दो बार बनाने समेत कई आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। मामले की जांच ज़िला विकास अधिकारी एस कृष्णा ने की। जिस पर प्रथम दृष्टया आरोप सही मिले। मामले में तीन लोगों को दोषी ठहराया गया था। जांच में पंचायत में 230976 रुपये का घोटाला बताया गया है। डीपीआरओ सतीश कुमार के अनुसार डीएम उमेश मिश्रा ने जांच अधिकारी की रिपोर्ट पर शिवाला कला ग्राम पंचायत के तत्कालीन सचिव रीति सूदन को निलंबित कर दिया है।
ये करेंगे आगे की जांच
डीपीआरओ सतीश कुमार ने डीएम के आदेश का हवाला देते हुए बताया कि शिवाला प्रकरण की आगे की जांच सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी तकनीक को सौंपी गई है। रीति सूदन निलंबन अवधि में ब्लाक नूरपुर से संबद्ध रहेंगे।