-आम बजट में किसे क्या मिला, यह जानने के लिए हर कोई दिखा उत्सुक
-किसानों ने बजट को बताया नाकाफी, व्यापारी और युवा वर्ग उत्साहित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। लगातार तीसरी बार सत्ता में आई मोदी सरकार ने मंगलवार को आम बजट पेश किया। बजट में किसे क्या सौगात मिली, यह जानने के लिए लोग उत्सुक नजर आए। व्यापारियों की दुकानों पर टीवी चलाकर आम बजट की खबरों को देखा। इस बजट ने उम्मीदों का पिटारा खोला है। मगर, बजट में किए गए प्रावधानों का लेकर मिलीजुली प्रतिक्रियाएं रहीं।
किसानों ने इस बजट को नाकाफी बताया। किसानों ने तर्क दिया कि इस बजट में किसानों के लिए कुछ खास नहीं है। पुरानी बातों को ही दोहराया गया। सिर्फ सपने ही दिखाए गए हैं। उधर, नौकरीपेशा और पेंशनर्स ने बजट को हितकारी करार दिया। व्यापारी और युवा वर्ग बजट को लेकर उत्साहित दिखा। उधर, सोना चांदी के दामों में गिरावट आने की खबर मिलते ही महिलाओं और गृहणियों ने बजट का स्वागत किया है।
बोले कर्मी, नौकरी पेशा लोगों के लिए फायदेमंद है आम बजट :::::
केंद्र सरकार ने मौजूदा सरकार के पहले आम बजट में सभी वर्गों का ख्याल रखा है। इस बार के बजट में सरकारी कर्मचारियों का भी ध्यान रखा गया है। कर्मचारियों के लिए बजट में किए गए प्रावधान प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचाएंगे।
....भूपेंद्र सिंह, बैंक अधिकारी
साल 2004 के बाद नियुक्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाली की आशा थी। मगर बजट से एनपीएस धारक शिक्षकों एवं कर्मचारियों में निराशा की लहर है। साथ ही एनपीएस में वेतन से होने वाली 10 फीसदी कटौती को 14 फीसदी करना उचित नहीं है। .... चंद्रहास सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष अटेवा
बजट में नौकरीपेशा लोगों का ध्यान रखा गया है। बजट में टैक्स स्लैब से भी लाभ होगा। टैक्स स्लैब में बदलाव से 10 लाख से ज्यादा वेतन पाने वालों को 17,500 रुपये की बचत होगी।
....बालेन्द्र सिंह, शिक्षक
बजट अच्छा है, जिसमें नई कर प्रणाली में स्टैंडर्ड डिडक्शन को 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये कर दिया गया है। इससे नौकरी करने वाले लोगों को लाभ होगा। कहीं ना कहीं यह बजट सभी के लिए हितकारी है।
....अनुराग राजपूत