बिजनौर में बैराज पर गंगा में छोटी मछलियां छोड़ते मंत्री मत्स्य डा.संजय कुमार निषाद।
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर। जिले के दौर पर आए मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने बैराज पर गंगा में 65 हजार मछली के बच्चों को प्रवाहित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास पर कार्य कर रही है। योजनाओं का लाभ हर वर्ग के व्यक्ति को बिना भेदभाव के दिया जा रहा है। मत्स्य पालकों के आर्थिक व सामाजिक उत्थान के लिये तमाम योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
शुक्रवार को मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद बिजनौर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता है कि आमजन का जीवन सुगम व बेहतर हो। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता से कार्य हो इस पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सरकार की नीति व नियत साफ है। उपनिदेशक मत्स्य सुचिता गुप्ता ने बताया कि बिजनौर में मार्च 2023 तक तीन लाख मछली के बच्चे प्रवाहित करने का लक्ष्य है। 65 हजार मछली के बच्चे गंगा में प्रवाहित किए गए हैं। जिससे गंगा के जल को साफ रखने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर एसडीएम सदर मोहित कुमार, सहायक निदेशक मत्स्य हरिश चन्द्र वर्मा, मत्स्य निरीक्षक सत्येंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।