- बोले - उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के नामित सदस्य तनवीर रिजवी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना (बिजनौर)। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के नामित सदस्य तनवीर रिजवी बोले कि भाजपा सरकार मदरसे के बच्चों को भी पब्लिक स्कूलों के बच्चों की तर्ज पर आगे बढ़ाना चाहती है। इसके लिए प्रदेश के हर जिले में कम से कम एक मदरसे को मॉडल मदरसा बनाने की पहल प्रारंभ कर दी गई है।
रविवार की दोपहर नगीना में उर्दू शायर डॉ. आलमगीर काजमी के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में मदरसा शिक्षा परिषद के सदस्य तनवीर रिजवी ने कहा कि मदरसों को कंप्यूटराइज करने का काम तेजी से चल रहा है। प्रदेश सरकार चाहती है कि मदरसे के बच्चे भी दीनी शिक्षा के साथ-साथ पब्लिक स्कूल में पढ़ाई जाने वाली शिक्षा ग्रहण कर अपना भविष्य संवारे। उन्होंने कहा कि कागजों में चल रहे कुछ मदरसों की जांच के बाद इसमें काफी सुधार आया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार मदरसों के बच्चों पर भी पूरा ध्यान दे रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी की बहन व अल्पसंख्यक विकास वेलफेयर सोसाइटी की प्रदेश अध्यक्ष माहिरा नकवी ने कहा कि वह महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ पुरुषों पर होने वाले अत्याचार के खिलाफ भी आवाज उठा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी वेलफेयर सोसाइटी महिलाओं के साथ साथ पीड़ित पुरुषों का भी हर स्तर पर साथ दे रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी उन्होंने महिलाओं की तमाम समस्याओं को दूर करने का काम किया।
उनका कहना है कि प्रदेश के हर जिलों में उनका संगठन खड़ा है तथा महिलाओं की घरेलू समस्याओं का समाधान भी कराने के साथ-साथ उनके हक की लड़ाई भी लड़ रहे हैं। इस मौके पर उर्दू शायर डॉक्टर आलमगीर काजमी, सभासद ब्रजमोहन मुनीर मुर्तजा, जुल्फिकार हैदर, सकलेन हैदर, आदिल हैदर मौजूद रहे।