शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म
नूरपुर। शादी का झांसा देकर युवक गांव की युवती से एक वर्ष तक दुष्कर्म करता रहा। युवक ने युवती की अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और उससे एक लाख रुपये हड़प लिए। युवती की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के अनुसार गांव का ही अजहरुद्दीन उसे शादी का झांसा देकर एक साल तक दुष्कर्म करता रहा। वह दो बार उसे नूरपुर के अलग-अलग रेस्टोरेंट में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी अश्लील वीडियो बना ली। गर्भवती होने पर उसका एक बार गर्भपात भी कराया गया। आरोपी ने शादी से इन्कार कर दिया और उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये हड़प लिए। जब उसने अपने घर यह बात बताई तो 25 अक्टूबर को उसके पिता शादी की बात करने अजहरुद्दीन के घर गए।
आरोप है कि आरोपी ने अपने भाई सिराजुद्दीन, अरमान व चाचा आकिल के साथ मिलकर उसके पिता के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।