हाशमपुर मौजा में गोशाला का उद्घाटन
झालू। गांव धर्मपुरा के हाशमपुर मौजा में प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार गोशाला का उद्घाटन किया। इसके बाद ग्राम धर्मपुरा में पहुंचकर चौपाल लगाकर पशु पालकों से गोवंश न छोड़ने का आह्वान किया। डीएम उमेश मिश्रा, एसपी दिनेश सिंह और एसडीएम मोहित कुमार ने खेतों के आसपास घूम रहे निराश्रित पशुओं ग्रामीणों की मदद से पकड़वाकर गोशाला भिजवाया।
गांव में चौपाल लगाकर डीएम ने किसानों, पशु पालकों से दूध पीने के अपने गोवंश पशुओं को न छोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने बीडीओ को ब्लॉक क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सचिवों से एक रजिस्टर तैयार करा गांव-गांव जाकर किसानों व पशुपालकों की पशुशाला में गोवंश की संख्या अंकित कराने के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर रजिस्टर में दर्ज संख्या के आधार पर किसी किसान व पशुपालकों की पशुशाला में गोवंश कम पाया जाता है तो उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कराए जाने की बात कही।
एसपी दिनेश सिंह ने किसानों को खुले में गोवंश न छोड़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एसडीएम मोहित कुमार, एडीओ ग्राम पंचायत अशोक कुमार, बीडीओ वीरेंद्र कुमार यादव, सेक्रेट्री मोहित कुमार, ग्राम प्रधान सोमवीर सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य सूरज सिंह, किसान तारा सिंह एडवोकेट, गौरव कुमार, लटूर सिंह, महावीर सिंह, राजेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र, सोमेंद्र, नृपेंद्र सिंह आदि किसान मौजूद रहे।