कुर्की की कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर के बाहर लगी ग्रामीणों की भीड़। संवाद
- कार्रवाई करने से पहले पुलिस ने गांव में ढिंढोरा पिटवाया
- परिवार के लोगों ने विरोध किया तो पुलिस ने बल प्रयोग किया
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
हरेवली (बिजनौर)। डीएम के आदेश पर राजस्व और पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को हरेवली के मुंसाफ अली उर्फ बाबू पुत्र निजाम अली की करीब 37 लाख की चल-अचल संपत्ति को कुर्क कर सील कर दिया। इस दौरान परिवार के लोगों ने विरोध किया तो पुलिस बल प्रयोग करते हुए उन्हें खदेड़ दिया।
तहसीलदार पवन कुमार शर्मा ने बताया कि हरेवली निवासी मुंसाफ अली उर्फ बाबू गिरोहबंद बदमाश है। आरोपी गिरोह बनाकर लोगों को डराकर उनसे अवैध उगाही करता है। आरोपी ने 602 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर कब्जा कर पांच कमरों का मकान बनाया। जिसकी कीमत 36 लाख 96 हजार 905 रुपये है। राजस्व विभाग की ओर से डीएम के आदेश पर संबंधित व्यक्ति की चल अचल संपत्ति को कुर्ककर सील कर दिया गया है। इस संपत्ति को राजस्व की सुपुर्दगी में दिया गया है। करीब एक घंटे तक पुलिस की कार्रवाई चली। पड़ोसियों को हिदायत दी कि कोई भी इस संपत्ति से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करे। टीम ने चल अचल संपत्ति को कुर्क करने से पहले गांव में मुनादी कराई।