कॉलेज में विदुर नीति भी सीखेंगे भविष्य के चिकित्सक
बिजनौर। जिला इस समय महात्मा विदुर के रंग में रंगा हुआ है। महात्मा विदुर का नाम जिले में कई स्थानों और जगहों को मिला है। इसी बीच अब अपने दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेडिकल कॉलेज में महात्मा विदुर की मूर्ति लगाकर पूज्य स्थल बनाने के लिए कहा। जल्द ही मेडिकल कॉलेज में महात्मा विदुर का मंदिर बनेगा। कॉलेज में पढ़ाई कर चिकित्सक बनने वाले विद्यार्थी महात्मा विदुर की नीति भी सीखेंगे।
मुख्यमंत्री ने रविवार को महात्मा विदुर राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज का निर्माण कर रही कंपनी को महात्मा विदुर की मूर्ति सहित एक मंदिर बनाने के लिए कहा। मेडिकल कॉलेज के नाम से लेकर कलक्ट्रेट में सभागार तक महात्मा विदुर के नाम पर है। जब मेडिकल कॉलेज का नाम ही महात्मा विदुर है तो उनका कॉलेज में एक पूज्य स्थल पर भी होना चाहिए। जिसके चलते अब मेडिकल कॉलेज में महात्मा विदुर की मूर्ति स्थापित कर पूज्य स्थल बनाया जाएगा। जिससे महात्मा विदुर का आशीर्वाद लेकर भविष्य के चिकित्सक पढ़ाई करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बिजनौर में आते ही महात्मा विदुर का गुणगान किया। उनकी धरती से जुड़े लोगों को भाग्यशाली बताया। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही भगवान गणेश की पूजा अर्चना की। इसके बाद महात्मा विदुर राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द पूरा करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। वह दिन दूर नहीं जब महात्मा विदुर की धरती पर बने मेडिकल कॉलेज में भविष्य के चिकित्सक तैयार होंगे।
अगले सत्र से पहले मंदिर बनने की उम्मीद
मेडिकल कॉलेज का निर्माण कर रही कंपनी को मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि यहां महात्मा विदुर की मूर्ति स्थापित कर एक मंदिर का निर्माण करवाया जाए। अगले सत्र से पहले ही मेडिकल कॉलेज में महात्मा विदुर का मंदिर बनाने को कहा गया है।