मंडावली क्षेत्र के गुलालवाली नहर पटरी मार्ग पर पड़ा कूड़ा।
- फोटो : NAZIBABAD
नहर पटरी मार्ग पर मृत पशु डालने से रोष
मंडावली। गांव गुलालवाली के पास पूर्वी गंग नहर पटरी मार्ग पर कूड़ा और मृत पशुओं के शव डाले जाने से ग्रामीणों में रोष है। वातावरण दूषित होने से आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
क्षेत्रीय ग्रामीणों चरणजीत सिंह, जगविंदर सिंह, सोनू, बलविंदर सिंह, सतनाम का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन की ओर से गुलालवाली के पास नहर पटरी मार्ग से 25 मीटर दूर चिह्नित डंपिंग स्थल पर नगर का कूड़ा डलवाया जाता है। अधिकारियों की उदासीनता के चलते सफाई कर्मचारी नगर का कूड़ा नहर पटरी मार्ग पर ही डालकर चले जाते हैं। लगातार कूड़ा डालने से मार्ग किनारे कूड़े का अंबार लगा है। अब कूड़े की आड़ में कर्मचारी नगर के मृत पशुओं के शवों को भी यहां डाल रहे हैं। मृत पशुओं और कूड़े की दुर्गंध से मार्ग के आसपास डेरे बनाकर रहने वाले कई परिवारों का जीना दूभर हो गया है। वहीं दूषित वातावरण से राहगीरों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने नगर पालिका परिषद के अधिकारियों से नगर का कूड़ा डंपिंग स्थल पर ही डालवाने और मृत पशु डालने वाले सफाईकर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की।